मारपीट मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर।

थाना क्षेत्र के पाली गांव में एक सप्ताह पूर्व हुए मारपीट मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पाली गांव निवासी बसंत झा के पुत्र शंकर झा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित उग्रनारायण झा ने मारपीट कर घायल करने के आरोप में घनश्यामपुर थाना में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दर्ज मामले के आलोक में पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि रविवार देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शंकर झा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।