रिश्वतखोरी के आरोप में संविदा कर्मी बर्खास्त, वायरल वीडियो के बाद दरभंगा डीएम की बड़ी कार्रवाई
रिश्वतखोरी के आरोप में संविदा कर्मी बर्खास्त, वायरल वीडियो के बाद दरभंगा डीएम की बड़ी कार्रवाई
रिश्वतखोरी के आरोप में संविदा कर्मी बर्खास्त, वायरल वीडियो के बाद दरभंगा डीएम की बड़ी कार्रवाई
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
तारडीह अंचल कार्यालय में कार्यरत संविदा कार्यालय परिचारी देवेन्द्र झा की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कथित रूप से एक व्यक्ति से अवैध राशि के लेन-देन और पैसे लेने की घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और अंचल अधिकारी, तारडीह द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रतिवेदन की समीक्षा के बाद प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित संविदा कर्मी पर अवैध राशि मांगने और प्राप्त करने के आरोप परिलक्षित होते हैं। उपलब्ध वीडियो सामग्री और रिपोर्ट के परीक्षण में पाया गया कि कर्मी का आचरण सरकारी सेवा एवं संविदा व्यवस्था के मानकों के अनुरूप नहीं है।
डीएम ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां सरकारी कार्यों की निष्पक्षता और पारदर्शिता को प्रभावित करने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता और जनविश्वास को भी नुकसान पहुंचाती हैं। मामले को गंभीर प्रशासनिक एवं अनुशासनिक विषय मानते हुए संबंधित कर्मी के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देवेन्द्र झा का संविदा के आधार पर किया गया नियोजन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अनियमितता के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।