जन-सुनवाई में आयुक्त ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

प्रमण्डलीय आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमण्डलीय सभागार में “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत जन-सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान आम नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जन-सुनवाई के दौरान आयुक्त ने कहा कि आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपने निर्धारित कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहकर जन-सुनवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम में प्राप्त विभिन्न आवेदनों पर सुनवाई करते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामलों का शीघ्र एवं विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन-सुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

आयुक्त ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ लोगों की शिकायतें सुनने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निपटारा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जन-सुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाना आवश्यक है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।