डीएमसीएच की स्वास्थ्य सेवाओं पर आयुक्त सख्त, 1 जुलाई तक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सभी 8 विभाग चालू करने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमंडलीय सभागार में दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) की रोगी कल्याण समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, अस्पताल प्रबंधन, आधारभूत संरचना तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान आयुक्त ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। डीएमसीएच प्रशासन ने बताया कि अस्पताल में कुल आठ विभागों के संचालन का लक्ष्य निर्धारित है, जिनमें से वर्तमान में छह विभाग कार्यरत हैं। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिया कि 1 जुलाई 2026 से सभी आठ विभागों का पूर्ण संचालन सुनिश्चित किया जाए।

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज, दवा वितरण और अन्य चिकित्सीय सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषी डॉक्टरों एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पताल के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, उपकरणों एवं संसाधनों की विस्तृत सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में स्पष्ट साइनेज लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आयुक्त ने ट्रॉमा सेंटर को हर परिस्थिति में कार्यशील बनाए रखने तथा उसकी जानकारी सभी थाना अध्यक्षों तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया। बैठक में एंबुलेंस सेवा, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।

अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अटेंडेंट्स के लिए समुचित व्यवस्था करने और वार्डों में साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही डीएमसीएच एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नालों की नियमित सफाई तथा नगर निगम एवं बुडको अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि मरीजों को आवश्यक सभी दवाएं अस्पताल से उपलब्ध कराई जाएं ताकि उन्हें बाहर से दवा खरीदने की जरूरत न पड़े। आयुक्त ने अस्पताल के सभी वार्डों और विभागों का नियमित औचक निरीक्षण करने तथा अनुपस्थित या लापरवाह पाए जाने वाले डॉक्टरों, एएनएम और जीएनएम कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अंजुम आरा, उपनिदेशक खाद्य सुशील कुमार मिश्रा, डीएमसीएच के प्राचार्य, अधीक्षक, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित थे।