वरिष्ठ नागरिकों को दी गई निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी, स्वास्थ्य जांच भी हुई
वरिष्ठ नागरिकों को दी गई निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी, स्वास्थ्य जांच भी हुई
वरिष्ठ नागरिकों को दी गई निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी, स्वास्थ्य जांच भी हुई
दस्तक 7मीडिया /केवटी (दरभंगा)
जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) दरभंगा के तत्वावधान में रविवार को केवटी प्रखंड के करजापट्टी गांव में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पैनल अधिवक्ता रणधीर कुमार चौधरी ने की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा जून माह में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा की ओर से जागृति योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए पारा विधिक स्वयंसेवकों की मदद से संबंधित विभागों तक शिकायतें पहुंचाई जा रही हैं। साथ ही बैंकों में हेल्प डेस्क स्थापित कर वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी एवं आवेदन तैयार करने में सहायता दी जा रही है।
इस दौरान बाल विवाह रोकथाम के लिए नालसा आशा स्कीम समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पारा विधिक स्वयंसेवक निलांबर मिश्र ने 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और प्रक्रिया पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) केवटी के डॉ. संजय कुमार तथा एएनएम पिंकी कुमारी, आशा कुमारी और प्रीति कुमारी ने स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।
मौके पर सरपंच सुरेश महतो, न्यायमित्र शशि मोहन चौधरी, रेखा कुमारी, मीना देवी, नूतन देवी, नारायण सहनी, रामवृक्ष सहनी, सकीना देवी, प्रवीण कुमार चौधरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।