पीएम सूर्य घर योजना से दरभंगा में ऊर्जा क्रांति की शुरुआत, 7902 गरीब परिवारों को मिलेगा मुफ्त सोलर पैनल
पीएम सूर्य घर योजना से दरभंगा में ऊर्जा क्रांति की शुरुआत, 7902 गरीब परिवारों को मिलेगा मुफ्त सोलर पैनल
पीएम सूर्य घर योजना से दरभंगा में ऊर्जा क्रांति की शुरुआत, 7902 गरीब परिवारों को मिलेगा मुफ्त सोलर पैनल
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत दरभंगा जिले में स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। नई सरकार के 60 दिन पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर में 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की योजना का शुभारंभ किया। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र की 1278 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन एवं लोकार्पण भी किया गया।
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड में नव निर्मित महिया विद्युत शक्ति उपकेंद्र (2/10 एमवीए) का उद्घाटन किया। इसके अलावा मिथिला विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, दरभंगा में उत्तर बिहार के पहले विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (बीपीटीआई) का भी शुभारंभ किया गया, जहां विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के घरों की छतों पर निःशुल्क सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। इससे बिजली खर्च में कमी आएगी और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, जो पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी 18 प्रखंडों में प्रथम चरण में 7902 आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के घरों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाए जाएंगे। कुटीर ज्योति योजना के उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, जिलाधिकारी कौशल कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार, कार्यपालक अभियंता विकास कुमार सहित विद्युत विभाग के कई अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।
इस अवसर पर सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर और विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना ऊर्जा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने आम लोगों से योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रविवार को किया गया, जिसे जिले के दर्जनों लाभार्थियों ने देखा और योजना की जानकारी प्राप्त की।