रोहतास जिले में  एक चिकित्सक के सरकारी क्वार्टर से शराब बरामद, नशे में मिले PHC प्रभारी डॉक्टर गिरफ्तार

दस्तक 7 मीडिया /रोहतास 

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच रोहतास जिले में उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवसागर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभिषेक कुंदन को गिरफ्तार कर लिया। उनके सरकारी आवास पर छापेमारी के दौरान शराब की बोतलें बरामद की गईं, जबकि डॉक्टर स्वयं भी नशे की हालत में पाए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शिवसागर स्थित सरकारी क्वार्टर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान आवास से शराब बरामद हुई। मौके पर मौजूद डॉ. अभिषेक कुंदन की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई।

बिहार में लागू मद्यनिषेध कानून के तहत शराब रखना और उसका सेवन करना दंडनीय अपराध है। ऐसे में एक सरकारी चिकित्सक के आवास से शराब की बरामदगी और उनके नशे में पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है।

पुलिस ने डॉक्टर को हिरासत में लेकर मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है कि शराब उनके पास कैसे पहुंची और इसका स्रोत क्या था।