मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट: संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने एनआईसी, दरभंगा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं अंचलाधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था समीक्षा बैठक की।

बैठक में पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस मार्गों की सुरक्षा तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का भौतिक सत्यापन कर संभावित समस्याओं का पूर्व आकलन किया जाए तथा आवश्यक कार्रवाई समय रहते सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने का निर्देश देते हुए बाउंड डाउन की कार्रवाई प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारियों को वारंटियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 के तहत आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पर्व से संबंधित तैयारियां समय पर पूरी करने तथा गश्ती दलों को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ कार्य करें ताकि मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।