दरभंगा में 14 और 17 जून को होगी सिपाही भर्ती परीक्षा, डीएम ने दिए कड़े निर्देश; कदाचार पर होगी एफआईआर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के तहत मद्यनिषेध सिपाही, कारा कक्षपाल एवं परिवहन विभाग के चलंत दस्ता सिपाही पदों के लिए आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में केंद्राधीक्षकों एवं स्टैटिक दंडाधिकारियों की बैठक कर परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने बताया कि लिखित परीक्षा 14 जून एवं 17 जून को जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक होगी। सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को परीक्षा शुरू होने से तीन घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी केंद्र का सीसीटीवी कैमरा बंद नहीं होना चाहिए। जैमर संचालन, बायोमेट्रिक सत्यापन, वीडियोग्राफी तथा बाहरी एजेंसियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की फोटोग्राफी, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट सत्यापन तथा परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। सभी केंद्रों के नियंत्रण कक्ष में आयोग की ओर से हॉटलाइन (VoIP) टेलीफोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि जैमर सक्रिय रहने के बावजूद आयोग सीधे केंद्राधीक्षक से संपर्क कर सके।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, लिखित सामग्री या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कदाचार के तहत कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। बिना वैध प्रवेश-पत्र एवं फोटो पहचान-पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुरुष अभ्यर्थियों की जांच पुरुष पुलिसकर्मी तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मी द्वारा की जाएगी। निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा और किसी भी परिस्थिति में देर से आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।