मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र से 419 किलो गांजा बरामद, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप: थानाध्यक्ष सस्पेंड, डायल-112 चालक की मिली संलिप्तता
मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र से 419 किलो गांजा बरामद, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप: थानाध्यक्ष सस्पेंड, डायल-112 चालक की मिली संलिप्तता
मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र से 419 किलो गांजा बरामद, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप: थानाध्यक्ष सस्पेंड, डायल-112 चालक की मिली संलिप्तता
दस्तक 7मीडिया /मधुबनी
जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 419 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कौआहा गांव के समीप चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप जब्त की और मुख्य अभियुक्त बिनोद सहनी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच के दौरान बासोपट्टी थाना के डायल-112 वाहन चालक की संलिप्तता उजागर होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं ड्यूटी के दौरान डायल-112 में तैनात एक एसआई के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने लापरवाही बरतने के आरोप में बासोपट्टी थानाध्यक्ष विकास कुमार को भी निलंबित कर दिया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि अवैध कारोबार या उसमें किसी भी स्तर की संलिप्तता और लापरवाही को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
घटना के बाद मिथिला प्रक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी स्वयं बासोपट्टी थाना पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूछताछ कर आवश्यक निर्देश दिए तथा कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जल्द सामने आ सकती है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।