16 बिहार प्रशासनिक सेवा अधिकारियों को मिला IAS प्रमोशन, 2025 बैच आवंटित

दस्तक 7मीडिया /पटना 

बिहार सरकार के प्रशासनिक ढांचे को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के 16 वरिष्ठ अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत किया गया है। केंद्र सरकार की अंतिम स्वीकृति के बाद सभी अधिकारियों को वर्ष 2025 का कैडर बैच आवंटित किया गया है। इस संबंध में 12 जून 2026 को अधिसूचना जारी कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 की रिक्तियों के आधार पर तैयार की गई चयन सूची को 21 मई 2026 को अंतिम रूप दिया गया था। केंद्र और राज्य सरकार की मंजूरी मिलने के बाद पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की गई।

पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अपर सचिव बिधु भूषण चौधरी, वेजफेड के प्रबंध निदेशक एवं नालंदा के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. गगन, पूर्णिया के उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार, स्वास्थ्य विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी सुरेंद्र राय, गृह विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक अभियोजन सुधांशु कुमार चौबे, स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव मृनायक दास, शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) मनोरंजन कुमार तथा मधेपुरा में एडीएम (आपदा प्रबंधन) विकास कुमार सहित कुल 16 अधिकारी शामिल हैं।

सरकार का मानना है कि राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में इन अधिकारियों के शामिल होने से विभिन्न विभागों और जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को बल मिलेगा।

प्रशासनिक हलकों में इस पदोन्नति को सुशासन और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।