अपहृत युवक को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एडिशनल SHO समेत दो अधिकारी घायल,

अपराधियों से मुठभेड़ में पुलिस ने युवक को कराया मुक्त, कई थानों की पुलिस चला रही सर्च ऑपरेशन

दस्तक 7 मीडिया /पटना 

बिहार की राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मणिचक गांव में अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान अपर थानाध्यक्ष (एडिशनल SHO) राहुल कुमार और सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को एक युवक के अपहरण और उसके साथ मारपीट किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मसौढ़ी थाना की पुलिस टीम मणिचक गांव के समीप एक खेत में छापेमारी करने पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद स्मैक तस्करों और बदमाशों के गिरोह ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी में अपर थानाध्यक्ष राहुल Kumar के पैर में गोली लगी, जबकि सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने अपहृत युवक को अपराधियों के चंगुल से सकुशल मुक्त करा लिया।

सूत्रों के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को भी गोली लगने की सूचना है। हालांकि अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा और सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार अस्पताल पहुंचे तथा घायल पुलिस अधिकारियों का हालचाल जाना। वरिष्ठ अधिकारियों ने चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इधर, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मसौढ़ी, धनरूआ और पुनपुन समेत कई थानों की पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। खेतों और संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।