वर्दी में धड़कता इंसानियत का दिल: एएसआई लक्ष्मण कुमार ने बचाई बेसहारा गाय के बछड़े की जान,

तपती धूप में मूर्छित बछड़े  को समय रहते दिलाया उपचार, घंटों बाद स्वस्थ होकर खड़ी हुई

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा/लहेरियासराय।

जहां अक्सर पुलिस की पहचान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण से जुड़ी होती है, वहीं लहेरियासराय स्थित पुलिस कार्यालय में तैनात एएसआई लक्ष्मण कुमार ने अपनी संवेदनशीलता और मानवीयता से यह साबित कर दिया कि वर्दी के भीतर भी एक दयालु और करुणामय हृदय धड़कता है।

शुक्रवार को भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच पुलिस कार्यालय परिसर में एक गाय का बछड़ा अचानक मूर्छित होकर गिर पड़ी। तेज धूप और गर्मी के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। यदि समय रहते उसे उपचार नहीं मिलता तो उसकी जान भी जा सकती थी।

इसी दौरान एएसआई लक्ष्मण कुमार की नजर गाय पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल उसकी स्थिति का जायजा लिया और दौड़कर उसके पास पहुंचे। गाय की गंभीर हालत को देखते हुए उन्होंने तुरंत पशु चिकित्सक को फोन कर मौके पर बुलाया। चिकित्सक के पहुंचने तक उन्होंने स्वयं गाय की देखभाल की और उसे पानी पिलाने की व्यवस्था कराई।

पशु चिकित्सक द्वारा मौके पर आवश्यक उपचार किए जाने के बाद गाय के बछड़े की हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। काफी देर तक चले उपचार और देखभाल के बाद गाय उठकर खड़ी हो गई, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

एएसआई लक्ष्मण कुमार की इस संवेदनशील पहल की पुलिस कार्यालय परिसर और आसपास के लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि आज के दौर में जहां कई लोग सड़क पर घायल पशुओं को नजरअंदाज कर आगे बढ़ जाते हैं, वहीं एक पुलिसकर्मी द्वारा दिखाई गई यह मानवता समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि एएसआई लक्ष्मण कुमार ने यह साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून की रक्षक ही नहीं, बल्कि समाज और जीव-जंतुओं के प्रति भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ निभाती है। उनकी इस नेक पहल ने पुलिस की मानवीय छवि को और मजबूत किया है।

वाकई, एएसआई लक्ष्मण कुमार की यह इंसानियत भरी पहल बताती है कि सेवा और संवेदना ही पुलिस की सबसे बड़ी पहचान है।