खेत में काम कर रही महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणी कसरौर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेत में काम करने के दौरान सर्पदंश से एक महिला मजदूर की मौत हो गई। मृतका की पहचान दक्षिणी कसरौर निवासी पवन राम की पत्नी अनीता देवी के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनीता देवी रोज की तरह गांव के ही एक खेत में मजदूरी करने गई थीं। काम करने के दौरान ही एक विषैले सांप ने उनके पैर में डस लिया। शुरुआत में अनीता को लगा कि किसी साधारण कीड़े-मकोड़े ने काटा है, इसलिए उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और काम करना जारी रखा।
कुछ देर बाद जब अनीता ने अपने पास से एक जहरीले सांप को गुजरते देखा, तो वह पूरी तरह घबरा गईं। उनके चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण और मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे। महिला की हालत बिगड़ती देख ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें अनुमंडल अस्पताल बिरौल में भर्ती कराया।
अनुमंडल अस्पताल बिरौल में डॉक्टरों ने महिला को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि महिला को अस्पताल लाने में काफी देर हो चुकी थी। शरीर में जहर काफी हद तक फैल गया था। इसके बावजूद डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने के लिए पूरा प्रयास किया, लेकिन मरीज को बचाया नहीं जा सका।
इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।