दरभंगा को बिहार का नंबर-1 जिला बनाने का लक्ष्य, 20 सूत्री बैठक में प्रभारी मंत्री का बड़ा संदेश,

सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और कृषि योजनाओं की हुई समीक्षा; अधिकारियों को जनता और जनप्रतिनिधियों के फोन उठाने के निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में शुक्रवार को जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह दरभंगा के प्रभारी मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि दरभंगा को एक सुसज्जित और विकसित जिला बनाते हुए बिहार में नंबर-1 स्थान दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी कौशल कुमार द्वारा प्रभारी मंत्री को मिथिला परंपरा के अनुसार पाग, चादर एवं पौधा भेंट कर सम्मानित करने से हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में आने वाली सभी बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए तथा अभियंता नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करें। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ को थाना स्तर पर औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मनरेगा, पंचायत सरकार भवन, कृषि फीडर, खाद-बीज वितरण, खाद्य आपूर्ति, पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। पंचायत सरकार भवनों में बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था लागू करने और कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने तथा कृषि फीडर से जुड़े लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश विद्युत विभाग को दिया गया।

उर्वरक वितरण में अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतों पर प्रभारी मंत्री ने गंभीर चिंता जताते हुए जांच के आदेश दिए। वहीं पीएचईडी को विभिन्न क्षेत्रों की जलमीनारों की नियमित सफाई और बंद पड़ी योजनाओं को शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को रखा। सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा एम्स, डीएमसीएच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, आरओबी निर्माण, केंद्रीय विद्यालय और बुडको परियोजनाओं में तेजी लाने की मांग की। सांसद अशोक कुमार यादव ने मनरेगा के माध्यम से जल संरक्षण और पारंपरिक पोखरों के संरक्षण पर बल दिया। वहीं विधायक जिवेश कुमार, विनय कुमार चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए।

बैठक के दौरान मंत्री मदन सहनी ने लंबित सड़क परियोजनाओं और पेयजल योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को आम जनता और जनप्रतिनिधियों के मोबाइल फोन का जवाब देने के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आश्वस्त किया कि प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में सांसद, विधायक, विधान पार्षद, महापौर, जिला परिषद अध्यक्ष, 20 सूत्री समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।