हत्या की साजिश नाकाम! भट्ठा मजदूरों ने हथियारबंद अपराधियों को खदेड़कर दबोचा, कट्टा-कारतूस बरामद

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के सोनकी थाना क्षेत्र में भट्ठा मजदूरों की सतर्कता और साहस से एक संभावित आपराधिक घटना टल गई। बासुदेबपुर स्थित एक ईंट-भट्ठा 85के समीप संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हथियारबंद अपराधियों को मजदूरों  ने खदेड़कर पकड़ लिया तथा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भट्ठा के सामने स्थित एक चाय दुकान पर चार संदिग्ध युवक जमा थे। वहां मौजूद मजदूरों ने बताया कि वे किसी की हत्या करने की योजना पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने हथियार भी लहराना शुरू कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जाता है कि एक अपराधी भट्ठा परिसर के अंदर भी घुस गया।

ईंट भट्ठा में काम कर रहे मजदूरों ने कहा कि अपराधियों की गतिविधियों को देख मजदूर एकजुट हो गए। उन्होंने पहले एक अपराधी को पकड़ लिया, फिर दूसरे को खदेड़कर दबोच लिया। हालांकि दो अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची सोनकी थाना पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की मंडल (पिता- श्याम मंडल) और मुकुल कुमार सिंह (पिता- अरविंद सिंह), दोनों निवासी ग्राम धोई, थाना सदर, जिला दरभंगा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस फरार दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले में आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों को पकड़ने में साहस दिखाने वाले  मजदूरों की सराहना की है।