कुशेश्वरस्थान मंदिर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, जलाभिषेक के बाद पति को रुकने को कह कर पत्नी अचानक हुई गायब, मन्नत मांगने आई थी नवविवाहिता,
कुशेश्वरस्थान मंदिर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, जलाभिषेक के बाद पति को रुकने को कह कर पत्नी अचानक हुई गायब, मन्नत मांगने आई थी नवविवाहिता,
कुशेश्वरस्थान मंदिर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, जलाभिषेक के बाद पति को रुकने को कह कर पत्नी अचानक हुई गायब, मन्नत मांगने आई थी नवविवाहिता
दस्तक 7 मिडिया, प्रशांत कुमार, कुशेश्वरस्थान।
बाबा कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में बुधवार को उस समय एक अजीबोगरीब और अप्रत्याशित घटना सामने आई, जब भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने आई एक नवविवाहिता अपने ही पति को झांसा देकर अचानक लापता हो गई। मंदिर में जलाभिषेक और मन्नत मांगने के चंद मिनटों बाद ही पत्नी का इस तरह गायब हो जाना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित पति ने काफी खोजबीन की, लेकिन पत्नी का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के बेलबारा गोरियारी गांव के निवासी सुमन कुमार की शादी हाल ही में लक्ष्मी देवी के साथ हुई थी। बताया जाता है कि लक्ष्मी देवी की ही जिद और इच्छा पर दोनों बुधवार को बाबा कुशेश्वरस्थान के दरबार में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने पहुंचे थे।
दोनों ने बेहद खुशी-खुशी मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए और जलाभिषेक कर सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। मंदिर से निकलने के बाद दोनों बाजार क्षेत्र में घूम रहे थे। इसी बीच, नवविवाहिता ने अपने पति सुमन से शौच जाने की बात कही और उसे एक जगह रुकने के लिए कहा। पति वहीं खड़ा होकर पत्नी का इंतजार करने लगा, लेकिन उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसकी पत्नी अब वापस नहीं लौटने वाली है।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब पत्नी वापस नहीं लौटी, तो सुमन को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उसने बाजार, मंदिर परिसर और आसपास के हर संभावित ठिकानों पर अपनी पत्नी की पागलों की तरह तलाश की। स्थानीय लोगों और दुकानदारों से भी पूछताछ की गई, लेकिन लक्ष्मी देवी का कुछ पता नहीं चल सका। आखिरकार सुमन को यह समझते देर नहीं लगी कि उसकी पत्नी उसे झांसा देकर फरार हो चुकी है। थक-हारकर और पूरी तरह निराश होकर पीड़ित पति सुमन कुमार कुशेश्वरस्थान थाना पहुंचा। उसने प्रभारी थानाध्यक्ष को अपनी आपबीती सुनाई और पत्नी के अचानक लापता होने के संबंध में लिखित सूचना देने का प्रयास किया। जब मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष ने सुमन कुमार को औपचारिक रूप से लिखित आवेदन देने को कहा, तो सुमन ने मामला अपने गृह क्षेत्र का होने के कारण इसकी लिखित शिकायत सीधे घनश्यामपुर थाना में दर्ज कराने की बात कही और वहां से रवाना हो गया।
इस घटना के बाद से ही स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि जो पत्नी खुद अपनी मर्जी से भगवान के दर्शन करने आई थी, वह अचानक पति को छोड़कर कहां चली गई? क्या यह मामला किसी प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है या इसके पीछे कोई और पारिवारिक वजह है, इसका खुलासा तो पुलिस जांच और नवविवाहिता के मिलने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।