प्रशिक्षण से लौट रहे तीन थानेदारों की सड़क हादसे में मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

दस्तक 7मीडिया ,बेगूसराय/मधेपुरा

बिहार पुलिस के लिए गुरुवार देर रात एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई। पटना से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहे मधेपुरा जिला बल के तीन थानाध्यक्षों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे ने न सिर्फ पुलिस महकमे को झकझोर दिया है, बल्कि उनके परिजनों और शुभचिंतकों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।

जानकारी के अनुसार, साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर राजा पेट्रोल पंप के समीप देर रात एक ब्रेजा कार भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। कार में मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्ष सवार थे, जो पटना से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने जिले लौट रहे थे।

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए अधिकारियों में रतवारा थाना अध्यक्ष एसआई साजन कुमार पासवान, अरार थाना अध्यक्ष एसआई ज्ञानेंद्र अमरेंद्र तथा बेलारी थाना अध्यक्ष एसआई नीरज कुमार शामिल थे। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तीनों घायल थानाध्यक्षों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेजा गया।

उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक बेगूसराय स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था में जुट गए। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद चिकित्सक तीनों पुलिस अधिकारियों की जान नहीं बचा सके। इलाज के दौरान क्रमशः एसआई ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, एसआई नीरज कुमार और बाद में एसआई साजन कुमार पासवान ने भी दम तोड़ दिया।

एक साथ तीन युवा और कर्तव्यनिष्ठ थानाध्यक्षों की मौत की खबर से मधेपुरा जिला पुलिस समेत पूरे बिहार पुलिस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। जिन अधिकारियों ने दिनभर प्रशिक्षण में हिस्सा लेकर अपने कर्तव्यों को और बेहतर ढंग से निभाने की तैयारी की थी, उन्हें शायद यह भी पता नहीं था कि घर और अपने जिले लौटने का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।

पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मियों और आम लोगों ने दिवंगत अधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी सेवाओं को याद किया है। वहीं मृतक अधिकारियों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे पुलिस महकमे में मातम का माहौल है।

इस दर्दनाक हादसे में रतवारा थाना अध्यक्ष एसआई साजन कुमार पासवान, अरार थाना अध्यक्ष एसआई ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, बेलारी थाना अध्यक्ष एसआई नीरज कुमार तथा कार चालक की असामयिक मृत्यु ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित कर दिया है।

ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।