बेनीपुर-बिरौल के पारा विधिक स्वयंसेवकों को मिला विशेष प्रशिक्षण, जरूरतमंदों तक कानूनी सहायता पहुंचाने पर जोर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) दरभंगा के तत्वावधान में बेनीपुर एवं बिरौल अनुमंडल के पारा विधिक स्वयंसेवकों के लिए बिरौल सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा अजय कुमार शर्मा ने कहा कि पारा विधिक स्वयंसेवक समाज के गरीब, कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक न्याय और विधिक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से नालसा एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रखकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण सत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि बिजली, पानी, परिवहन जैसी जन उपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के त्वरित एवं निःशुल्क समाधान के लिए एडीआर भवन, दरभंगा में प्रत्येक कार्य दिवस बैठक आयोजित की जाती है।

कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और अन्य कमजोर वर्गों को उपलब्ध विधिक सेवाओं के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयंसेवकों को कानूनी जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अधिक सक्षम बनाना था।