बाल श्रम पर दमदार दलील, अदिति ने बढ़ाया दरभंगा का मान,

प्रमंडलीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, अब राज्य स्तर पर करेंगी दरभंगा प्रमंडल का प्रतिनिधित्व

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आयोजित प्रमंडलीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में दरभंगा की छात्रा अदिति कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। अब वह 12 जून को पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दरभंगा प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करेंगी।

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के निर्देश पर आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय “वर्तमान संदर्भ में बाल श्रम का मुद्दा” था। प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिता में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिले के चयनित छह प्रतिभागियों ने भाग लिया और अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन 90 अंकों के आधार पर किया गया। इसमें दरभंगा की अदिति कुमारी ने 82.6 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं अनुराधा कुमारी 82.5 अंक के साथ दूसरे तथा मधुबनी की रौशनी कुमारी 74.8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए गठित निर्णय-सह-चयन समिति की अध्यक्षता उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने की। प्रतियोगिता में समस्तीपुर के सूरज कुमार शर्मा, मधुबनी के हेमंत कुमार शर्मा और समस्तीपुर के सुमित प्रकाश ने भी भाग लिया।

प्रतियोगिता के बाद प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन ने अदिति कुमारी को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। वहीं अन्य प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 12 जून को पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम नियोजन एवं अध्ययन संस्थान में आयोजित होगी, जहां अदिति कुमारी दरभंगा प्रमंडल की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।