दरभंगा जिला परिषद की नई अध्यक्ष बनीं रेणु देवी, निर्विरोध निर्वाचन से मिली बड़ी जिम्मेदारी, नामांकन में नहीं मिला कोई प्रतिद्वंद्वी, जिलाधिकारी ने दिलाई पद, गोपनीयता और मद्यनिषेध की शपथ
दरभंगा जिला परिषद की नई अध्यक्ष बनीं रेणु देवी, निर्विरोध निर्वाचन से मिली बड़ी जिम्मेदारी, नामांकन में नहीं मिला कोई प्रतिद्वंद्वी, जिलाधिकारी ने दिलाई पद, गोपनीयता और मद्यनिषेध की शपथ
दरभंगा जिला परिषद की नई अध्यक्ष बनीं रेणु देवी, निर्विरोध निर्वाचन से मिली बड़ी जिम्मेदारी,
नामांकन में नहीं मिला कोई प्रतिद्वंद्वी, जिलाधिकारी ने दिलाई पद, गोपनीयता और मद्यनिषेध की शपथ
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिला परिषद दरभंगा को बुधवार को नया नेतृत्व मिल गया। जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए हुए निर्वाचन में रेणु देवी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गईं। समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा कक्ष में संपन्न हुई निर्वाचन प्रक्रिया के बाद जिलाधिकारी कौशल कुमार ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया और पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सुबह से ही प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई थीं। हालांकि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि अध्यक्ष पद के लिए केवल रेणु देवी ही मैदान में हैं। उनके नामांकन का दो जिला परिषद सदस्यों ने समर्थन किया, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं आने से चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी।
निर्वाचन प्रक्रिया प्रेक्षक सह अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, समस्तीपुर राजेश कुमार सिंह की निगरानी में शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। परिणाम की घोषणा होते ही सभा कक्ष में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रेणु देवी को बधाई दी।
प्रमाण-पत्र वितरण के बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने नव निर्वाचित अध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही बिहार सरकार की मद्यनिषेध नीति के प्रति प्रतिबद्धता जताने के लिए मद्यनिषेध शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जिला परिषद पंचायती राज व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में इसकी भूमिका अत्यंत अहम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेणु देवी के नेतृत्व में जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता मिलेगी।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
रेणु देवी के निर्विरोध निर्वाचन को जिला परिषद में राजनीतिक सहमति और संगठनात्मक एकजुटता के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है। अब जिले के ग्रामीण विकास, आधारभूत संरचना, पंचायत स्तरीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।
दरभंगा के 3.61 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 42.09 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने DBT से राशि की हस्तांतरित
बाल श्रम पर दमदार दलील, अदिति ने बढ़ाया दरभंगा का मान, प्रमंडलीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, अब राज्य स्तर पर करेंगी दरभंगा प्रमंडल का प्रतिनिधित्व