दरभंगा के 3.61 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 42.09 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने DBT से राशि की हस्तांतरित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मुख्यमंत्री द्वारा बुधवार को राज्य की छह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 94 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में लगभग 1,100 करोड़ रुपये की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर दरभंगा जिले के 3 लाख 61 हजार 86 लाभार्थियों के खातों में कुल 42 करोड़ 9 लाख 13 हजार 700 रुपये भेजे गए।

जिला प्रशासन के अनुसार इस राशि से जिले के हजारों वृद्धजन, दिव्यांगजन, विधवा एवं अन्य पात्र पेंशनधारियों को आर्थिक सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री के संबोधन एवं राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी, दरभंगा में किया गया, जहां बड़ी संख्या में पेंशन लाभार्थी मौजूद रहे। लाभार्थियों ने तालियां बजाकर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने भाग लिया। उनके साथ उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग शशि रंजन, सहायक निदेशक दिव्यांगजन कोषांग आशीष अमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।