सहयोग शिविर को लेकर प्रशासन अलर्ट, चार दिनों में लंबित 2195 आवेदनों के निपटारे का डीएम ने दिया निर्देश
सहयोग शिविर को लेकर प्रशासन अलर्ट, चार दिनों में लंबित 2195 आवेदनों के निपटारे का डीएम ने दिया निर्देश
सहयोग शिविर को लेकर प्रशासन अलर्ट, चार दिनों में लंबित 2195 आवेदनों के निपटारे का डीएम ने दिया निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के लंबित मामलों और आगामी सहयोग शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, सहकारिता, कृषि, राजस्व एवं जन शिकायतों से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
2 जून के शिविर में मिले थे 6527 आवेदन
डीएम ने बताया कि 2 जून को आयोजित सहयोग शिविर में पंचायतों एवं नगर निकायों से कुल 6527 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से अब तक 4208 मामलों का समाधान किया जा चुका है, जो कुल आवेदनों का लगभग 65 प्रतिशत है। वहीं 124 आवेदन अस्वीकृत किए गए हैं, जबकि 2195 आवेदन अभी लंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन अगले चार दिनों के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
16 जून को 48 स्थानों पर लगेगा सहयोग शिविर
बैठक में 16 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि जिले के पंचायतों और नगर निकायों में कुल 48 स्थानों का चयन किया गया है। प्रत्येक प्रखंड में दो-दो स्थानों पर तथा नगर निगम एवं नगर निकायों के चयनित वार्डों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आम जनता की समस्याओं का एक मंच पर समाधान
जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि सुधार, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, जलापूर्ति समेत विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का एक ही स्थान पर समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और शिविर को सफल बनाने के निर्देश दिए।
विशेष काउंटर की होगी व्यवस्था
डीएम ने बताया कि पढ़ने-लिखने में असमर्थ लोगों की सुविधा के लिए शिविर में विशेष सहायता काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां कर्मियों द्वारा आवेदन लिखने में मदद की जाएगी। साथ ही प्रत्येक विभागीय स्टॉल पर अलग-अलग पंजी संधारित करने तथा प्राप्त आवेदनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर
शिविर में आने वाले लोगों के लिए पेयजल, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, छायादार स्थल तथा अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा विनम्र व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
डीएम की जनसुनवाई में गूंजीं जनता की समस्याएं, आधे से अधिक मामलों का मौके पर हुआ समाधान, भूमि विवाद, अतिक्रमण, पेंशन, शिक्षा और बिजली से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, अधिकारियों को पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का आदेश
दरभंगा में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, 9 जून को 22 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य