दरभंगा में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, 9 जून को 22 हजार से अधिक सिलेंडर वितरण का लक्ष्य

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और सभी एजेंसियों के माध्यम से नियमित आपूर्ति जारी है।

जिला प्रशासन के अनुसार जिले की 75 गैस एजेंसियों द्वारा बुकिंग के अनुरूप गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी की जा रही है। सोमवार को जिलेभर में कुल 4,877 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जिसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 3,358, बेनीपुर में 631 तथा बिरौल अनुमंडल में 888 सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाए गए।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) ने बताया कि वितरण के बाद भी विभिन्न एजेंसियों के गोदामों में 12,749 एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। मंगलवार 9 जून को जिले में कुल 22,646 सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 16,574, बेनीपुर में 1,765 तथा बिरौल अनुमंडल में 4,307 सिलेंडर वितरित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देश पर वरीय अधिकारियों द्वारा चार गैस एजेंसियों एवं एक वितरण स्थल का औचक निरीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने एजेंसियों को निर्देश दिया कि निर्धारित दर पर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपभोक्ताओं के घरों तक गैस सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उप निदेशक जनसंपर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर गैस बुकिंग की व्यवस्था है। बुकिंग के बाद सामान्यतः दो से तीन दिनों के भीतर उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि शादी-विवाह एवं अन्य समारोहों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी निर्बाध रूप से जारी है। विभागीय निर्देशानुसार ऐसे अवसरों पर उपभोक्ताओं को पांच कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। किसी भी शिकायत या समस्या की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जमाखोरी या मुनाफाखोरी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।