डीएम की जनसुनवाई में गूंजीं जनता की समस्याएं, आधे से अधिक मामलों का मौके पर हुआ समाधान,

भूमि विवाद, अतिक्रमण, पेंशन, शिक्षा और बिजली से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश, अधिकारियों को पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का आदेश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा, 8 जून। बिहार सरकार के “निश्चय पार्ट-3 : सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे दर्जनों लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने परिवादियों को सम्मानपूर्वक अपने पास बैठाकर उनकी समस्याओं को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगवाया जाए और उनकी समस्याओं का समाधान समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाए।

जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण हटाने, नगर निगम से संबंधित शिकायतें, आंगनबाड़ी केंद्र, बैटरी चालित ट्राई साइकिल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, चापाकल, शिक्षा, विद्युत एवं स्वच्छता विभाग से जुड़े मामलों पर विस्तृत सुनवाई की गई। इनमें से आधे से अधिक मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निष्पादन की जानकारी आवेदकों को मोबाइल फोन के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालय आने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, प्रभावी और विधिसम्मत समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनसुनवाई के दौरान अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार ने भी लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।