अधिनायक लिपिक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 18 केंद्रों के 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक लिपिक के पद पर नियुक्ति हेतु आयोजित होने वाली प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। 10 जून को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सफल बनाने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

जिला दंडाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा-163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश परीक्षा के दिन प्रभावी रहेगा।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार निषेधाज्ञा क्षेत्र में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। साथ ही आग्नेयास्त्र, घातक हथियार एवं विस्फोटक सामग्री लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर भी रोक रहेगी।

परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, व्हाइटनर, इरेजर, ब्लेड, सेल्युलर फोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, पुलिस बल, सैन्य कर्मियों, प्रशासनिक पासधारकों, शवयात्रा, धार्मिक जुलूस एवं शादी-विवाह कार्यक्रम में शामिल लोगों पर लागू नहीं होगा।

परीक्षा के लिए जिला स्कूल, एमएल एकेडमी, सीएम साइंस कॉलेज, एमएलएसएम कॉलेज, सीएम कॉलेज, महारानी कल्याणी कॉलेज, केएस कॉलेज, सफी मुस्लिम उच्च विद्यालय, राज उच्च विद्यालय, देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद बालिका उच्च विद्यालय समेत कुल 18 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है।