दरभंगा में विकास कार्यों पर डीएम सख्त, एक सप्ताह में चापाकल सर्वे पूरा करने का निर्देश
दरभंगा में विकास कार्यों पर डीएम सख्त, एक सप्ताह में चापाकल सर्वे पूरा करने का निर्देश
दरभंगा में विकास कार्यों पर डीएम सख्त, एक सप्ताह में चापाकल सर्वे पूरा करने का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चापाकल सर्वेक्षण, सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाण पत्र सत्यापन, पंचायत सरकार भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कई पंचायतों में चापाकल सर्वेक्षण की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित पंचायत सचिवों को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत चापाकलों का सर्वेक्षण पूरा कर सही प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सर्वेक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों के जीवन प्रमाण पत्र सत्यापन की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो पेंशनधारी अन्य स्थानों पर रह रहे हैं, उनसे दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी पात्र लाभुक को पेंशन प्राप्त करने में परेशानी न हो। डीएम ने चेतावनी दी कि लाभार्थियों को पेंशन के लिए भटकना पड़ा तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
बैठक में पंचायत सरकार भवन और आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन पंचायतों में भूमि संबंधी विवाद या अन्य बाधाएं हैं, वहां अंचलाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारियों एवं डीसीएलआर को भी निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवन निर्माण से जुड़े लंबित विवादों का त्वरित निष्पादन कर निर्माण कार्यों को गति दी जाए। साथ ही जिला पंचायती राज पदाधिकारी को प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने कहा कि पंचायत स्तर की योजनाओं का समयबद्ध निष्पादन सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।