लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर, विश्वविद्यालय थाना में एसपी सिटी ने की समीक्षा बैठक
लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर, विश्वविद्यालय थाना में एसपी सिटी ने की समीक्षा बैठक
लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर, विश्वविद्यालय थाना में एसपी सिटी ने की समीक्षा बैठक
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी), दरभंगा ने शनिवार को विश्वविद्यालय थाना में लंबित आपराधिक कांडों की समीक्षा को लेकर विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सहित सभी अनुसंधानकर्ता एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान थाना में दर्ज लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक ने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया कि जिन मामलों में अभियुक्त फरार हैं, उनमें माननीय न्यायालय से वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शीघ्र प्राप्त कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान कांडों के गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पर भी जोर दिया गया। अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक मामले की कांड दैनिकी नियमित रूप से अद्यतन रखें तथा ऐसे मामलों को चिन्हित करें जिनका निष्पादन वर्तमान माह में संभव है, ताकि समयबद्ध तरीके से लंबित मामलों का निपटारा किया जा सके।
नगर पुलिस अधीक्षक ने थाना में दर्ज प्रतिवेदित कांडों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक अभिलेखों एवं पंजीयों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना क्षेत्र में सघन गश्ती अभियान चलाने, डायल-112 वाहन को लगातार भ्रमणशील रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराधियों पर निगरानी और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अनुसंधान में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक मामले में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लंबित कांडों के निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।