पत्नी हत्या कांड का मुख्य आरोपी पति गिरफ्तार, पहले ही एक अभियुक्त जा चुका है जेल
पत्नी हत्या कांड का मुख्य आरोपी पति गिरफ्तार, पहले ही एक अभियुक्त जा चुका है जेल
पत्नी हत्या कांड का मुख्य आरोपी पति गिरफ्तार, पहले ही एक अभियुक्त जा चुका है जेल
दस्तक 7 मिडिया, कुशेश्वरस्थान।
तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के महिसौत गांव में विवाहिता अंजली देवी की संदिग्ध मौत एवं शव को जलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्राथमिकी दर्ज होने के मात्र तीन दिनों के भीतर पुलिस ने कांड के मुख्य आरोपी एवं मृतका के पति नंदन चौपाल को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व मामले में एक अन्य अभियुक्त शंभू चौपाल को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
ज्ञात हो कि 02 जून 2026 की रात महिसौत गांव निवासी अंजली देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा शव को श्मशान घाट ले जाकर जलाने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची थी। एफएसएल टीम एवं दंडाधिकारी की उपस्थिति में चिता से शव को निकालकर पोस्टमार्टम हेतु डीएमसीएच, दरभंगा भेजा गया था।
मृतका के पिता सिकिन्द्र चौपाल के आवेदन के आधार पर 03 जून 2026 को तिलकेश्वर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें पति सहित कुल नौ लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस द्वारा वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अंचल पुलिस निरीक्षक महफुज आलम ने बताया कि अंजली देवी मृत्यु कांड में दर्ज प्राथमिकी के अनुसंधान के क्रम में मुख्य आरोपी नंदन चौपाल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। इससे पूर्व अभियुक्त शंभू चौपाल को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले के अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है। कांड का अनुसंधान वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष रूप से किया जा रहा है।