16 जून के सहयोग शिविर की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, निर्माणाधीन प्रखंड-अंचल कार्यालय का भी किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को हनुमाननगर प्रखंड सह अंचल भवन के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी और संवेदक को परिसर की चाहरदीवारी के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में डीएम ने 16 जून को हनुमाननगर प्रखंड क्षेत्र में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों का भी जायजा लिया। इसके लिए उन्होंने पंचायत सरकार भवन, थलवाड़ा का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर में आने वाले आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। उन्होंने सभी विभागों के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित करने का निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित विभाग अपने काउंटर पर उपस्थित रहकर आम लोगों की समस्याओं का समाधान करें और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं।

डीएम ने स्पष्ट किया कि सहयोग शिविर सरकार और आम जनता के बीच संवाद एवं सेवा वितरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी लाभुक को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने शिविर स्थल पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

अनपढ़ लोगों के लिए बनेगा विशेष काउंटर

जिलाधिकारी ने बताया कि जो लोग पढ़ना-लिखना नहीं जानते हैं, उनके आवेदन लिखने के लिए शिविर में विशेष काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही शिविर के आयोजन से 10 दिन पूर्व ही आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, ताकि समस्याओं के समाधान की तैयारी पहले से की जा सके।

तारालाही में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र का भी किया निरीक्षण

अपने दौरे के दौरान डीएम ने तारालाही मौजा में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के लिए चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भूमि की स्थिति, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं तथा औद्योगिक विकास की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से औद्योगिक क्षेत्र के विकास की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।