राजस्व मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन का डीएम का निर्देश,

8 जून को चलेगा फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान, एक दिन में 6 हजार किसानों की आईडी बनाने का लक्ष्य

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में राजस्व कार्यों की प्रगति और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में बहादुरपुर, हायाघाट एवं दरभंगा सदर अंचलों के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों को अविलंब पोर्टल पर अपलोड करने तथा उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निपटारा किया जाए।

समीक्षा में परिमार्जन प्लस, भूमि मापी, दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार एवं राजस्व महाअभियान से संबंधित आवेदनों की प्रगति का आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों में तेजी लाने तथा आवश्यक कार्रवाई कर आवेदकों को जल्द राहत देने का निर्देश दिया।

उन्होंने राजस्व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जिन आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी है, वहां आवेदकों से अभिलेख प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए ताकि मामलों का निष्पादन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।

बैठक में फार्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। डीएम ने बताया कि 8 जून को पूरे जिले में विशेष महाअभियान चलाकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जाएगी। उन्होंने प्रखंड कृषि पदाधिकारियों, राजस्व कर्मचारियों और किसान सलाहकारों को निर्धारित लक्ष्य से दोगुनी संख्या में किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सोमवार को कम-से-कम 6 हजार किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों को विभिन्न सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, इसलिए सभी संबंधित विभाग इस अभियान को मिशन मोड में सफल बनाएं।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, राजस्व कर्मचारी तथा किसान सलाहकार ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से शामिल हुए।