जनता की आवाज बुलंद करेगी राजद : इसराइल मंसूरी,

जनसमस्याओं को लेकर 9 और 17 जून को होगा जोरदार प्रदर्शन : उदय शंकर यादव

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा 

जिला अतिथि सभागार में राष्ट्रीय जनता दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजद के जिलाध्यक्ष उदय शंकर यादव ने की। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री इसराइल मंसूरी शामिल हुए। बैठक में जिले भर के राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 9 जून को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर राजद कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा 17 जून को जिला मुख्यालय में बड़े स्तर पर धरना और प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनता से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री इसराइल मंसूरी ने कहा कि वर्तमान सरकार देश और राज्य में बढ़ते अपराध,बेरोजगारी और महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोग इन समस्याओं से परेशान हैं और जनता में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राजद इन मुद्दों को लेकर जनआंदोलन चलाएगी और लोगों की आवाज को सड़क से लेकर प्रशासन तक पहुंचाने का काम करेगी। वहीं जिलाध्यक्ष उदय शंकर यादव ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजद हमेशा जनता के मुद्दों को उठाती रही है और इस बार भी 9 जून तथा 17 जून के प्रदर्शन के माध्यम से सरकार का ध्यान जनसमस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान बेरोजगारी,महंगाई,भ्रष्टाचार,पेयजल संकट,ईंधन की समस्या,लूट,हत्या,बलात्कार और बुलडोजर कार्रवाई जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। राजद नेताओं का कहना है कि इन समस्याओं से आम जनता प्रभावित हो रही है और सरकार को इनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
बैठक में कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें सुवंश यादव,प्रेमचंद यादव,यास्मीन खातून,स्वाती लालदेव,गोपाल मंडल,पन्ना यादव,वशी अहमद,चांद अंसारी,गुफरान अली,संतोष राज,प्रवीण शर्मा,समीर अल्फाज,रामदेव पासवान,सचिन राम,नीलांबर यादव,सतीश चौपाल,रईस अहमद सिद्दीकी,दशरथ यादव,रामसेवक भगत,सुभाष पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे। नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।