घर में घुसकर सेवानिवृत्त सैनिक व परिवार पर हमला, महिलाओं की लज्जा भंग व लूटपाट का आरोप; 8 नामजद

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर

स्थानीय थाना क्षेत्र के महुआर गांव में जमीन विवाद को लेकर सेवानिवृत्त सैनिक एवं उनके परिवार के साथ मारपीट, महिलाओं की लज्जा भंग तथा लूटपाट का मामला सामने आया है। इस संबंध में महुआर गांव निवासी पीड़ित राम कुमार यादव के आवेदन पर घनश्यामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस को दिए आवेदन में राम कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार सुबह गांव के ही आठ लोग हथियारों से लैस होकर राहुल यादव , राकेश यादव , उमेश यादव , दुलारी देवी , बिना देवी , सहथी देवी , गौड़ी देवी और रंजन कुमारी उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपितों ने लाठी, डंडा एवं लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उनके चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी और पुतोहू बचाने पहुंचीं तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। आवेदन में महिलाओं के कपड़े फाड़कर लज्जा भंग करने तथा गले व कान से सोने के आभूषण छीन लेने का आरोप लगाया गया है। साथ ही घर में रखे बर्तन, कपड़े एवं अन्य कीमती सामान लूटकर ले जाने की बात भी कही गई है। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घनश्यामपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राम कुमार यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।