स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर बिरौल में बड़ी कार्रवाई, दो निजी अस्पतालों पर प्रशासन का डंडा, अल्ट्रासाउंड और ओटी रूम सील
दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
स्थानीय प्रशासन ने अवैध और नियमों के विरुद्ध चल रहे निजी अस्पतालों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को बिरौल में लगभग आधा दर्जन निजी अस्पतालों में छापेमारी करते हुए गंभीरता से जांच किया गया। इनमें से दो प्रमुख निजी अस्पतालों के महत्वपूर्ण विभागों को सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के निर्देश पर सीविल सर्जन अरुण कुमार के द्वारा जारी आदेश के आलोक में किया गया। जिसका नेतृत्व डॉ.योगेन्द्र प्रसाद ( प्रभारी उपाधीक्षक,अ.मं.अस्पताल) बिरौल कर रहे थे। छापेमारी के दौरान एसडीएम शशांक राज के द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी-सह-प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सशस्त्र पुलिस बल के साथ बिरौल थाना के राजीव कुमार (एएसआई) मौके पर मुस्तैद थे। जांच के दौरान नियमों में भारी अनियमितता पाए जाने पर जिला और स्थानीय स्तर पर गठित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जिसमें खोड़ागाछी मार्ग पर अवस्थित एस.एस. हॉस्पिटल के अल्ट्रासाउंड केंद्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। इसके अलावा जे.के.कॉलेज स्थित निजी हॉस्पिटल में कार्रवाई करते हुए विभागीय पदाधिकारी ने तत्काल चिकित्सक चेंबर और एक्स-रे सह ओ.टी.रूम को सील कर दिया।
प्रभारी उपाधीक्षक डॉ.योगेन्द्र प्रसाद ने बताया कि एस एस हॉस्पिटल में चिकित्सक के स्थान पर सहयोगी अल्ट्रासाउंड संचालन करते पाए गए। प्रभारी उपाधीक्षक श्री प्रसाद का कहना है कि स्वास्थ्य मानकों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्रवाई की भनक लगते ही कई निजी अस्पताल के संचालक बंद कर फरार हो गया।
d
