दरभंगा पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, गांजा तस्कर समेत कई अभियुक्त गिरफ्तार

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दरभंगा पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी, चोरी, शराबबंदी उल्लंघन तथा अन्य आपराधिक मामलों में कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

कोतवाली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ (गांजा) की तस्करी में संलिप्त हसमुद्दीन खां, पिता रशीद खां, निवासी बसुहाम थाना बहेड़ा तथा एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 किलोग्राम 270 ग्राम गांजा बरामद किया है। दोनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

इधर, अलीनगर थाना पुलिस ने कांड संख्या-254/25 के प्राथमिकी अभियुक्त सुमन कुमार, पिता जियालाल यादव, निवासी कीरतपुर तथा कुर्की वारंटी मोहम्मद शहाबुद्दीन, पिता मोहम्मद मुस्लिम, निवासी सहझौली को गिरफ्तार किया। वहीं अलीनगर थाना कांड संख्या-219/25 में नामजद एक महिला अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के खुलासे के क्रम में पुलिस ने ग्राम कटासा निवासी चंदन कुमार, पिता शंभू साह को गिरफ्तार किया। उस पर घर में चोरी करने तथा एक ज्वेलरी दुकान में चोरी का प्रयास करने का आरोप है। इस मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। इसके अलावा सिंहवाड़ा थाना कांड संख्या-153/26 के वांछित अभियुक्त जमानुल्लाह उर्फ अच्छे (22 वर्ष), पिता मोहम्मद ताहिर, निवासी महेशपट्टी को भी गिरफ्तार किया गया।

हायाघाट थाना पुलिस ने शराब सेवन कर हंगामा करने के आरोप में विजय मंडल, पिता स्वर्गीय भज्जू मंडल, निवासी खंगरैठा को गिरफ्तार किया। वहीं मोरो थाना कांड संख्या-57/25 के अभियुक्त बिरू राय, पिता स्वर्गीय रामदेव राय, निवासी नामापुर थाना चकमेहसी, जिला समस्तीपुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

उधर, सोनकी थाना पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज कांड संख्या-47/26 में नामजद अभियुक्त मणिकांत मुखिया, पिता कारी मुखिया, निवासी मेकना को गिरफ्तार किया।

इसके अतिरिक्त अलीनगर थाना पुलिस ने माननीय न्यायालय द्वारा निर्गत गैर जमानती वारंट (NBW) के आधार पर मोहम्मद सुने उर्फ नौशाद, पिता कलामुदीन, निवासी धमासाइन को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।