जिप अध्यक्ष चुनाव से पहले अपहरण की सूचना से मचा हड़कंप, जांच में मामला निकला फर्जी,सुभान ने पुलिस को बताया ,नहीं हुआ था मेरा अपहरण 

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिला  परिषद अध्यक्ष पद के लिए 10 जून को होने वाले चुनाव से पहले शुक्रवार को एक कथित अपहरण की सूचना ने जिले की राजनीति और प्रशासनिक महकमे में हलचल पैदा कर दी। हालांकि पुलिस की त्वरित जांच में जिला परिषद सदस्य मो. सुभान के अपहरण की बात पूरी तरह गलत पाई गई।

जानकारी के अनुसार पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रेणु देवी ने बहादुरपुर थानाध्यक्ष को सूचना दी कि बहेड़ी के जिला परिषद सदस्य मो. सुभान का अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मो. सुभान के मोबाइल फोन पर संपर्क किया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।

इसके बाद पुलिस ने मो. सुभान से मिलकर पूछताछ की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनका न तो अपहरण हुआ है और न ही किसी प्रकार की मारपीट की गई है। पुलिस जांच में भी अपहरण के आरोप की पुष्टि नहीं हुई।

पूछताछ के दौरान मो. सुभान ने बताया कि उन्हें जाले की जिला परिषद सदस्य नुसरत फातमा के पति हबीबुल्ला हाशमी के साथ मारपीट की जानकारी मिली थी। जांच में पता चला कि कथित घटना पंडासराय स्थित 19 नंबर गुमटी के समीप हुई थी, जो लहेरियासराय थाना क्षेत्र में पड़ता है। इसके बाद बहादुरपुर थाना ने मामले की सूचना लहेरियासराय थाना को भेज दी।

इधर, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सीता देवी ने अपने परिवार पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है और विरोधी पक्ष उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रहा है।

गौरतलब है कि 30 अप्रैल को अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद जिला परिषद अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने 10 जून को अध्यक्ष पद के लिए मतदान की तिथि निर्धारित की है। चुनाव की घोषणा के बाद जिला परिषद सदस्यों के बीच बैठकों और राजनीतिक गतिविधियों का दौर तेज हो गया है।

जिले के राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर विभिन्न गुट पूरी ताकत झोंक रहे हैं। ऐसे में अपहरण की कथित सूचना को भी चुनावी माहौल से जोड़कर देखा जा रहा है।

थानाध्यक्ष प्रसुन्जय कुमार ने बताया कि यह आरोप जांच के बाद गलत साबित हुआ हे ना ही अपहरण हुआ हे ना ही कोई मारपीट।