विश्व पर्यावरण दिवस, अनुमंडल कार्यालय बिरौल में एसडीओ और डीसीएलआर ने किया पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

दस्तक 7 मिडिया,उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।


विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज अनुमंडल कार्यालय बिरौल के परिसर में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्रांति के संकल्प को दोहराते हुए अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज एवं भूमि सुधार उपसमाहर्ता मयंक सिंह ने संयुक्त रूप से पौधरोपण किया।
कार्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने की इस मुहिम की शुरुआत करते हुए अधिकारियों ने विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार पौधे लगाए।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना सिर्फ सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का मौलिक कर्तव्य है। उन्होंने आम जनमानस से अपील की हर व्यक्ति अपने जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। पौधों को लगाने के साथ-साथ उनके बड़े होने तक उनकी देखरेख का संकल्प लें। इस मौके पर अनुमंडल कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और परिसर की खाली भूमि पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।