कोर्थु में 8.1 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8.1 लीटर देशी शराब के साथ दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान शराब ढोने में प्रयुक्त एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पोहदी बेला गांव निवासी विलट माली के पुत्र सोहन कुमार माली तथा कोर्थु गांव निवासी स्व सुन्दर सहनी के पुत्र लक्ष्मी सहनी के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सोहन कुमार माली देशी शराब की खेप लेकर कोर्थु में लक्ष्मी सहनी के घर पहुंचाने जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने छापेमारी की योजना बनाई। पुलिस टीम को देखते ही मोटरसाइकिल सवार तस्करों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान लक्ष्मी सहनी के घर से कुल 27 बोतल देशी शराब बरामद की गई। प्रत्येक बोतल में 300 मिलीलीटर शराब थी। जब्त शराब की कुल मात्रा 8.1 लीटर बताई गई है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।