बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 7 जून को, दरभंगा के 21 केंद्रों पर होगी कड़ी निगरानी में परीक्षा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CET-B.Ed.-2026) के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में केंद्राधीक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार ने की।

बैठक में बताया गया कि राज्य नोडल विश्वविद्यालय बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 जून (रविवार) को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी केंद्राधीक्षकों को उपस्थिति पत्रक, रोल नंबर स्टीकर, निर्देशिका समेत आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी केंद्राधीक्षक, वीक्षक एवं प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपस्थिति सुबह 7 बजे तक अनिवार्य होगी। परीक्षार्थियों को सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक ही प्रवेश-पत्र एवं फोटो पहचान पत्र के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। 10:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र या परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की अलग-अलग फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई है। केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की मौजूदगी में पूरी जांच प्रक्रिया संपन्न कराई जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पामटॉप, लिखित सामग्री अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा के दौरान ऐसे उपकरण मिलने पर संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षार्थियों को अपना प्रवेश-पत्र वेबसाइट से डाउनलोड कर दो प्रतियों में परीक्षा केंद्र पर लाना अनिवार्य होगा। साथ ही आधार कार्ड एवं आवेदन के समय उपयोग किए गए पहचान पत्र को भी साथ रखना होगा। तकनीकी कारणों से प्रवेश-पत्र पर फोटो नहीं होने की स्थिति में अभ्यर्थी स्वयं फोटो चिपकाकर ला सकते हैं, जिसका सत्यापन वीक्षक द्वारा किया जाएगा।

परीक्षा में प्रत्येक 48 परीक्षार्थियों पर चार वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में कम से कम दो वीक्षक अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाने एवं उसके सुचारू रूप से कार्य करने की भी जिम्मेदारी केंद्राधीक्षकों को सौंपी गई है।

अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों, प्रेक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा संचालन संबंधी सभी दिशानिर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को पूर्णतः स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराएं।

ब्रीफिंग कार्यक्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि लाल बाबू, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के डॉ. अरविंद कुमार, संस्कृत विश्वविद्यालय के रामसेवक झा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।