विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारीज ने चलाया वृक्षारोपण अभियान,
पेड़ बचेंगे तभी समाज, देश और संसार सुरक्षित रहेगा : आरती बहन।

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवाकेंद्र, लेहरियासराय के तत्वावधान में गुरुवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सेवाकेंद्र की मुख्य प्रभारी राजयोगिनी आरती बहन के नेतृत्व में संस्था परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजयोगिनी आरती बहन ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का अभिन्न अंग हैं। ये न केवल वातावरण को शीतल और स्वच्छ बनाते हैं, बल्कि हमें प्रतिदिन निःशुल्क ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की महत्ता को पूरी दुनिया ने महसूस किया था। पेड़ हमारे भोजन का भी प्रमुख स्रोत हैं और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पेड़ों की रक्षा करने का आह्वान करते हुए कहा कि एक पेड़ का कटना पर्यावरण को प्रदूषित और गर्म बनाने में योगदान देता है, जबकि एक पेड़ लगाना वातावरण को स्वच्छ एवं पवित्र बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि हमें पेड़ों की तरह अपने जीवन में भी शांति, प्रेम और खुशियों का संचार करना चाहिए।

वहीं वरिष्ठ भ्राता बी.के. हरदेव ने कहा कि आधुनिक भौतिकता की दौड़ में अंधाधुंध पेड़ों की कटाई चिंता का विषय है। विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह संदेश देता है कि यदि पेड़ बचेंगे तभी समाज, देश और पूरा संसार सुरक्षित रह सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित भाई-बहनों ने एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों से भी वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।