एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत दरभंगा में हुआ पौधरोपण,

विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएम ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, युवाओं और एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देना था।

समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विकास भवन परिसर में उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने पौधरोपण करते हुए कहा कि सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति और परिवार के प्रति दायित्वों को जोड़ने वाला प्रेरणादायक प्रयास है।

जिला गंगा समिति के जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने कहा कि गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के साथ-साथ वृक्षारोपण, स्वच्छता और जनजागरूकता जैसे प्रयास पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी को पर्यावरण संरक्षण के लिए उत्साहवर्धक बताया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, युवाओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डीआरडीए निदेशक भुवनेश्वर मिश्रा, डीपीओ मनरेगा आमना ज़ोहरा, नमामि गंगे परियोजना के संजीव कुमार, पूजा कुमारी एवं मणिकांत ठाकुर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बिहार बटालियन एनसीसी की जीसीआई राजनंदनी एवं हवलदार बलहार सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में नयन प्रिया, सुमेधा श्रीवास्तव, नव्या नंदनी, सोनू कुमार एवं सूरज ठाकुर समेत 70 से अधिक युवा स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, जैव विविधता एवं नदियों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

जिला गंगा समिति ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।