पीएम सूर्य घर योजना को गति देने के निर्देश, 72 दिनों में 13,687 घरों का हुआ सर्वे

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

प्रधानमंत्री सूर्य घरः मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के सहायक एवं कनीय अभियंताओं तथा अधिकृत वेंडरों को निर्देश दिया कि अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर योजना की जानकारी दें और उन्हें सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान को और तेज किया जाए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम लगातार उपभोक्ताओं के घरों का भ्रमण कर रही है। पिछले 72 दिनों में जिले के 13,687 घरों का सर्वेक्षण किया गया, जिनमें से 2,644 उपभोक्ताओं ने योजना में रुचि दिखाई है।

जिलाधिकारी ने सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को कम से कम 100 इच्छुक उपभोक्ताओं को चिन्हित कर आवेदन के लिए तैयार करने का निर्देश दिया। वहीं प्रत्येक कनीय विद्युत अभियंता को प्रतिदिन 50 सोलर अधिष्ठापन कार्यों की निगरानी करते हुए स्थापना प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।

बैठक में बताया गया कि इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार संख्या और बिजली बिल आवश्यक होगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना से अधिकाधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने के लिए सक्रियता और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों के बिजली खर्च में भी कमी लाई जा सके।

बैठक में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल दरभंगा (ग्रामीण) के पदाधिकारी श्री केशव कुमार, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बेनीपुर के पदाधिकारी श्री अमोद कुमार सहित जिले के सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित थे।