विश्व पर्यावरण दिवस पर महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन, पौधारोपण, रैली, मानव श्रृंखला और नाटक के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन, पौधारोपण, रैली, मानव श्रृंखला और नाटक के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन, पौधारोपण, रैली, मानव श्रृंखला और नाटक के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान की बंगाली टोला, लहेरियासराय एवं वाजितपुर शाखाओं में गुरुवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्री-प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लेकर फूल, पेड़, बादल, इंद्रधनुष और वर्षा जैसे प्राकृतिक स्वरूपों का आकर्षक प्रदर्शन किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
वहीं कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों ने पौधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने वृक्षों के महत्व को समझते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।
कक्षा छह से दस तक के विद्यार्थियों ने पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली। हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित तख्तियां और नारों के साथ विद्यार्थियों ने लोगों को प्रदूषण कम करने, वृक्षारोपण बढ़ाने तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
बंगाली टोला शाखा में आयोजित प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्या श्रावणी शिखा ने कहा कि पर्यावरण केवल मानव जीवन का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाने, जल एवं ऊर्जा संरक्षण करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया।
इधर वाजितपुर शाखा में कार्यक्रम का उद्घाटन प्रबंधक संजीव कुमार, प्राचार्य अजय झा एवं समन्वयक शशांक श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मानव श्रृंखला बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण जागरूकता पर आधारित नाटक का मंचन भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
विद्यालय परिवार ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रकृति संरक्षण एवं संवर्द्धन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।