पटना हाईकोर्ट की नई मुख्य न्यायाधीश का मिथिला परंपरा से हुआ स्वागत, पाग-चादर व मखाना से किया सम्मानित

दस्तक 7मीडिया,विधि संवाददाता /पटना 

उच्च न्यायालय की नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय के शपथ ग्रहण अवसर पर अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति (युवा प्रकोष्ठ) ने मिथिला की सांस्कृतिक परंपरा का निर्वहन करते हुए उनका पाग-चादर एवं मखाना से सम्मान किया।

समिति के राष्ट्रीय महामंत्री सुशील कुमार चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्य न्यायाधीश को मिथिला की पहचान मानी जाने वाली पाग-चादर ओढ़ाकर तथा मखाना की माला पहनाकर अभिनंदन किया।

इस अवसर पर सुशील कुमार चौधरी ने कहा कि मिथिला में पाग गरिमा, सम्मान और मर्यादा का प्रतीक है, जबकि चादर शांति, शीतलता एवं संरक्षण का भाव व्यक्त करती है। वहीं मखाना क्षेत्र की पवित्रता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि इन तीनों के माध्यम से सम्मानित करना मिथिला संस्कृति में सर्वोच्च आदर का प्रतीक है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्य न्यायाधीश के नेतृत्व में बिहार की न्यायपालिका में धर्म, सत्य और त्वरित न्याय की परंपरा और मजबूत होगी। साथ ही उन्होंने दरभंगा न्याय मंडल के अनुमंडलीय बार एसोसिएशन में पधारकर अधिवक्ताओं को मार्गदर्शन देने का निमंत्रण भी दिया।

मुख्य न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मिथिला की समृद्ध संस्कृति, पाग-चादर और मखाना की मधुरता को वह सदैव स्मरण रखेंगी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को न्याय प्रदान करना उनका सर्वोच्च दायित्व है।समिति ने इस अवसर पर बिहार की जनता को शीघ्र एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के लिए मुख्य न्यायाधीश के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास जताया।