लालू परिवार की सुरक्षा में बड़ी कटौती, तेज प्रताप से Y श्रेणी सुरक्षा वापस

पटना, संवाददाता

बिहार सरकार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। राज्य सुरक्षा समिति की 4 जून 2026 को हुई समीक्षा बैठक के बाद गृह विभाग ने नई सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का आदेश जारी किया है। सबसे बड़ा असर पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव  की सुरक्षा पर पड़ा है, जिनकी वाई (Y) श्रेणी की सुरक्षा समाप्त कर दी गई है। अब उन्हें सुरक्षा के लिए केवल एक अंगरक्षक उपलब्ध कराया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत पूर्व मुख्यमंत्री Lalu Prasad Yadav और पूर्व मुख्यमंत्री Rabri Devi से जेड प्लस (Z+) सुरक्षा श्रेणी वापस ले ली गई है। हालांकि दोनों नेताओं को सुरक्षा के लिए पर्याप्त बल और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

गृह विभाग के आदेश के अनुसार, लालू प्रसाद यादव को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) के 2 से 8 हाउस गार्ड, पटना जिला बल के 2 बॉडीगार्ड, HQRT पायलट तथा बुलेटप्रूफ वाहन की सुविधा मिलेगी। वहीं, बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को बीएसएपी के 2 से 8 हाउस गार्ड, 3 महिला बॉडीगार्ड, 3 वर्दीधारी बॉडीगार्ड, HQRT पायलट, एस्कॉर्ट और बुलेटप्रूफ वाहन उपलब्ध रहेगा।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव  की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उनकी वाई प्लस (Y+) श्रेणी की सुरक्षा एस्कॉर्ट के साथ पूर्ववत जारी रहेगी।

परिवार के अन्य सदस्यों में राज्यसभा सांसद मीसा भारती  को सुरक्षा मानकों के अनुसार तीन अंगरक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं तेजस्वी यादव की पत्नी राज श्री यादव  को पटना जिला बल की ओर से एक महिला अंगरक्षक प्रदान किया जाएगा।

सरकार के इस फैसले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था में किए गए इस बदलाव को राज्य सुरक्षा समिति की समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है। विपक्षी दलों की ओर से इस निर्णय पर प्रतिक्रिया आने की संभावना है।