विश्व पर्यावरण दिवस पर दरभंगा में ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन, 75 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा महारानी कल्याणी कॉलेज, लहेरियासराय में ज्ञान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण, गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

जिला परियोजना पदाधिकारी श्री फारूक इमाम की उपस्थिति एवं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के 75 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी, कहानी वाचन, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कहानी वाचन का विषय “जैव विविधता का संरक्षण”, चित्रकला का विषय “पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका” तथा निबंध लेखन का विषय “पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली” रखा गया था। प्रतिभागियों ने पर्यावरणीय चुनौतियों और उनके समाधान पर अपनी रचनात्मकता एवं जागरूकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर श्री फारूक इमाम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण अभियान की अग्रिम पंक्ति में आने का आह्वान किया। वहीं प्राचार्य डॉ. रहमतुल्लाह ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करना भी है।

प्रतियोगिता के विजेताओं को मोमेंटो तथा सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी तथा गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।