मुख्यमंत्री करेंगे ‘ट्री मैन’ सुजीत कुमार को सम्मानित
विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्यस्तरीय समारोह में मिलेगा सम्मान, सीतामढ़ी में खुशी की लहर

सीतामढ़ी, प्रतिनिधि।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को पटना के जेपी गंगा पथ स्थित समग्र उद्यान में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चुनिंदा पर्यावरणविदों को सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए सीतामढ़ी के प्रसिद्ध पर्यावरणविद एवं ‘ट्री मैन’ के नाम से चर्चित सुजीत कुमार का चयन किया गया है।

समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में सुजीत कुमार सहित अन्य पर्यावरणविदों को सम्मानित किया जाएगा। सुजीत कुमार के चयन की खबर सामने आते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने इसे सीतामढ़ी के लिए गौरव का क्षण बताया है।

सुजीत कुमार पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में चलाए गए विभिन्न जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से हजारों लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया गया है। साथ ही बड़ी संख्या में पौधारोपण और उनके संरक्षण का कार्य भी किया गया है।

वर्तमान में वे नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर तथा जैव विविधता प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के रूप में भी पर्यावरण एवं स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा जा चुका है और उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

इस अवसर पर सुजीत कुमार ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी पर्यावरण प्रेमियों, स्वयंसेवकों और जागरूक नागरिकों का सम्मान है जो धरती को हरित, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज मानव अस्तित्व की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है।

उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि आज प्रकृति की रक्षा कर ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, स्वच्छ जल और स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

सुजीत कुमार का यह सम्मान न केवल उनके वर्षों के अथक प्रयासों की स्वीकृति है, बल्कि जिले के युवाओं और समाज के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणा का भी स्रोत बनेगा।