महिनाम +2 उच्च विद्यालय में इंटर कला की 120 अतिरिक्त सीटों को मंजूरी

बेनीपुर, संवाददाता।

प्रखंड के महिनाम गांव स्थित +2 उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से इंटर कला संकाय में सीटों की कमी को लेकर उठ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने विद्यालय में इंटर कला संकाय की 120 अतिरिक्त सीटों की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), दरभंगा द्वारा जारी प्रतिवेदन के अनुसार विद्यालय में पूर्व से स्वीकृत 120 सीटों के अतिरिक्त 120 नई सीटों की वृद्धि सत्र 2026-28 के लिए स्वीकृत की गई है। यह स्वीकृति बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना के पत्रांक-468, दिनांक 21 अप्रैल 2026 के आलोक में प्रदान की गई है। इसके बाद अब विद्यालय में इंटर कला संकाय की कुल सीटों की संख्या बढ़कर 240 हो जाएगी।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजन कुमार झा ने सहयोग पोर्टल पर आवेदन देकर विद्यालय में सीटों की कमी, नामांकन में विद्यार्थियों को हो रही कठिनाइयों तथा क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई थी। उन्होंने विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाए जाने और सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना की मांग भी की थी।

डीईओ ने अपने प्रतिवेदन में बताया है कि माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा के संचालन के लिए आवश्यक मानकों एवं संसाधनों का आकलन कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त सीटों की स्वीकृति से महिनाम, पोहद्दी, बेनीपुर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों विद्यार्थियों को अब स्थानीय स्तर पर ही इंटर कला संकाय में नामांकन का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को दूर-दराज के विद्यालयों में प्रवेश लेने की मजबूरी से राहत मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार और विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।