जुलाई से आठ नए डिग्री कॉलेजों में शुरू होगी पढ़ाई, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले के आठ प्रखंडों में स्थापित नए डिग्री कॉलेजों में आगामी 1 जुलाई 2026 से नियमित पठन-पाठन शुरू होगा। इसको लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, किरतपुर, तारडीह, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, गौड़ाबौराम और अलीनगर प्रखंड के डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य शामिल हुए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित तिथि से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होनी हैं, इसलिए सभी आवश्यक तैयारियां हर हाल में समय पर पूरी की जाएं।

समीक्षा के दौरान कॉलेजों में उपलब्ध फर्नीचर, शैक्षणिक सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधनों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने उप विकास आयुक्त को आवश्यक सामग्रियों की खरीद के लिए जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू कराने का निर्देश दिया।

बैठक में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) के अभियंताओं से निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी ली गई। जिलाधिकारी ने कॉलेज परिसरों में चहारदीवारी निर्माण, रंग-रोगन, अतिरिक्त कक्षों के निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए स्वीकृत सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि जुलाई से कॉलेजों में पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं एलएईओ विभाग के अभियंता उपस्थित थे।