एडीजे जावेद आलम को भावभीनी विदाई, निगरानी विभाग में संयुक्त सचिव (विधि) बने।

विधि संवाददाता, दरभंगा

दरभंगा जिला न्यायमंडल में शनिवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) जावेद आलम को भावभीनी विदाई दी गई। जिला न्यायपालिका के अधिकारियों एवं कर्मियों ने उन्हें मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप पाग और चादर भेंट कर सम्मानित किया।

विदाई समारोह की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने की। इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारियों ने जावेद आलम के न्यायिक कार्यकाल, उनकी कार्यकुशलता, सरल स्वभाव एवं न्यायिक दायित्वों के प्रति समर्पण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ अब बिहार सरकार के निगरानी विभाग को मिलेगा।

ज्ञात हो कि जावेद आलम का स्थानांतरण बिहार सरकार के निगरानी विभाग, पटना में संयुक्त सचिव (विधि) पद पर किया गया है। इस संबंध में निगरानी विभाग के अपर सचिव द्वारा आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।

अपने संबोधन में जावेद आलम ने दरभंगा न्यायमंडल में मिले सहयोग और स्नेह के लिए सभी न्यायिक पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दरभंगा में बिताया गया समय उनके न्यायिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहेगा।

समारोह में जिला न्यायमंडल के कई न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।